दिल्ली में 30 जून से शुरू होगा घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान, विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक

Election Commission of India _ ECI

दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 30 जून से घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू किया जाएगा। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) दिल्ली ने नई दिल्ली में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों और प्रक्रिया की जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार बैठक में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

बैठक में राजनीतिक दलों को घर-घर गणना एवं सत्यापन अभियान के दौरान किए जाने वाले प्रमुख कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न परिस्थितियों में गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।

इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कई प्रश्न उठाए, जिनका मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विस्तार से उत्तर दिया। निर्वाचन अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। राजनीतिक दलों ने भी निर्वाचन तंत्र को पूर्ण सहयोग, सहायता और सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

दिल्ली में यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।