पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जो लोग अब तक विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाए हैं, वे 11 और 12 जुलाई को आयोजित विशेष शिविरों का लाभ उठाएं। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां मतदाता अपने प्रपत्र भरकर जमा कर सकेंगे।
ये शिविर दोनों दिनों सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं को प्रपत्र भरने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे अपने संबंधित बूथ स्तर अधिकारी से तुरंत संपर्क करें या निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर प्रपत्र जमा करें। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज किया जा सके।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रपत्र भरने की प्रक्रिया 25 जून से शुरू हुई थी और यह 24 जुलाई तक जारी रहेगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों और दावों के आधार पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 3 अगस्त को किया जाएगा।
निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित रहे।
