पंजाब में आज से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का एक माह का अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान मतदाता सूची का सत्यापन और अद्यतन करने के साथ ही मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी किया जाएगा।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि संशोधित मतदाता सूची का प्रारूप 3 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। वहीं, इस पूरी प्रक्रिया के लिए 3 अगस्त से 28 सितंबर तक का नोटिस अवधि निर्धारित की गई है।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि राज्य में अब तक 86.02 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है, जिसमें पंजाब के लगभग 1.84 करोड़ मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने मीडिया में चल रही उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि जिन मतदाताओं का सत्यापन नहीं हुआ है, उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सत्यापन लंबित होने के आधार पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा।
