14वें पासपोर्ट सेवा दिवस पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दी शुभकामनाएं, ई-पासपोर्ट और पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 की उपलब्धियां गिनाईं

Indian Passport _ IP

14वें पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने देश और विदेश में कार्यरत सभी पासपोर्ट प्राधिकरणों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की नागरिक-केंद्रित पासपोर्ट सेवाओं को और अधिक तेज, पारदर्शी तथा सुलभ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह दिवस 24 जून 1967 को पासपोर्ट अधिनियम लागू होने की स्मृति में मनाया जाता है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 की शुरुआत, चिप-युक्त ई-पासपोर्ट की शुरुआत, नए पासपोर्ट सेवा केंद्रों और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों की स्थापना तथा रिकॉर्ड स्तर पर पासपोर्ट जारी किए जाने जैसे कदमों ने नागरिकों के लिए विदेश यात्रा को अधिक आसान बनाया है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से वैश्विक अवसरों तक लोगों की पहुंच बढ़ी है और नागरिक सशक्त हुए हैं। उन्होंने सरकार के विजन “सुरक्षित पासपोर्ट, सुगम सेवा, सशक्त नागरिक” के अनुरूप सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने का भरोसा भी जताया।

इस अवसर पर संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इंडिया पोस्ट द्वारा संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं देश के दूरदराज़ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और नागरिक सुविधा के संकल्प के साथ सरकार आधुनिक और डिजिटल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत कर रही है।

सिंधिया ने कहा कि ई-पासपोर्ट और पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 जैसी पहलें भारत की आधुनिक, डिजिटल और सशक्त प्रशासनिक प्रणाली का प्रमाण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नागरिकों को सरल, तेज और उच्च गुणवत्ता वाली पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।