अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र की नवी मुंबई और ठाणे पुलिस ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत लगभग 96 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट किए।
नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय ने विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तलोजा स्थित मुंबई वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में 26 मामलों में जब्त 56.69 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का निस्तारण किया। इसके साथ ही ‘ड्रग फ्री नवी मुंबई’ अभियान के अंतर्गत 25 स्कूलों और महाविद्यालयों के करीब 5,000 विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, ठाणे पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में दर्ज 112 मामलों में जब्त लगभग 600 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिनकी कीमत 39.03 करोड़ रुपये आंकी गई, को केंद्रीय मादक पदार्थ नष्टकरण समिति की निगरानी में नष्ट किया। इनमें गांजा, हाइब्रिड कैनबिस, एमडी, चरस और ब्राउन शुगर शामिल थे।
पुलिस का यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, जब्त नशीले पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण और युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
