पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, साइबर ठगी से जुड़े 63,749 बैंक खाते फ्रीज, पीड़ितों को लौटाए ₹64 करोड़

Punjab Police State Cyber Crime Division PP-CCD

पंजाब पुलिस के राज्य साइबर अपराध प्रभाग ने पिछले एक वर्ष में साइबर ठगी से जुड़े 63,749 बैंक खातों को फ्रीज किया है। इन खातों के माध्यम से करीब 540.34 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला। इसी अवधि में राज्यभर में 62,253 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक पुलिस ने साइबर ठगी के पीड़ितों को लगभग 64 करोड़ रुपये वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से न केवल फर्जी बैंक खातों पर कार्रवाई हुई है, बल्कि देशभर में सक्रिय संगठित साइबर अपराध गिरोहों का भी खुलासा हुआ है।

राज्य का दोआबा क्षेत्र साइबर ठगी से सबसे अधिक प्रभावित रहा। जालंधर में 20 हजार से अधिक बैंक खाते फ्रीज किए गए और 7.30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई गई। कपूरथला और होशियारपुर भी साइबर अपराध से प्रभावित प्रमुख जिलों में शामिल हैं।