बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम खलारी में राजस्व संबंधी मांगों को लेकर किए गए चक्काजाम आंदोलन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 नामजद आरोपियों सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई पटवारी की शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें आंदोलन के दौरान प्रशासनिक कार्य में बाधा पहुंचाने और मुख्य मार्ग को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम विकास समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी राजस्व संबंधी मांगों को लेकर चक्काजाम किया था। आंदोलन के दौरान सड़क पर आवागमन बाधित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित करने का प्रयास किया।
पटवारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गुण्डरदेही थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 191/2026 दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126, 190 एवं 221 के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले में 35 नामजद व्यक्तियों के साथ अन्य ग्रामीणों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन किया था। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
