राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर कोरबा जिला न्यायालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

The Rajpatra Law

कोरबा, 12 सितंबर 2026। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर जिला न्यायालय कोरबा में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देना था।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लीगल डिफेंस काउंसिल रोहित रजवाड़े, डिप्टी चीफ अरुण अनंत, नंद किशोर एवं रामकुमार मौर्य सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नशामुक्ति केंद्र के संचालक अरुणव, नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी-कर्मचारी तथा आमजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान नशे की लत से होने वाले स्वास्थ्यगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार और समाज की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने तथा परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपने आसपास नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई। युवाओं को नशे से बचाकर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया।