कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र अंतर्गत नागोई गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश मुख्य वजह थी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था, जिसने हिंसक रूप ले लिया और इस घटना में लोगों की जान चली गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की सक्रियता और प्रशासनिक सतर्कता के चलते क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, नागोई विवाद में मृत तीनों लोगों के अंतिम संस्कार को देखते हुए कोरिया जिले में एहतियातन भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
