महासमुंद में वृद्धाश्रम पहुंचा विधिक सेवा प्राधिकरण, वरिष्ठजनों को अधिकारों और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति किया जागरूक

Senior Citizens Rights Awareness Camp in Mahasamund, Chhattisgarh

महासमुंद – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार जागृति योजना-2025 के तहत वरिष्ठजनों के अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा विषय पर विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों तथा न्याय तक पहुंच के संबंध में जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्राधिकरण की प्रभारी सचिव चेतना ठाकुर ने दलदली रोड स्थित आशियाना वृद्धाश्रम का दौरा कर जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में उपस्थित वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों, संरक्षण, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा तथा न्याय तक पहुंच से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज में वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुजुर्गों का सम्मान और उनकी गरिमा की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्हें उपलब्ध कानूनी संरक्षण और सहायता योजनाओं की जानकारी देकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सशक्त बनाना, उन्हें न्याय व्यवस्था से जोड़ना तथा समाज में उनके सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।