तिल्दा, 24 जून। तिल्दा विकासखंड के ग्राम पंचायत देवरी में सरपंच श्रीमती दिव्या राजा वर्मा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को मतदान के बाद खारिज हो गया। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में आवश्यक समर्थन नहीं मिलने से श्रीमती दिव्या राजा वर्मा अपने पद पर बनी रहेंगी।
अविश्वास प्रस्ताव पर पंचायत सदस्यों के बीच मतदान कराया गया। मतदान में प्रस्ताव के समर्थन में केवल 4 मत पड़े, जबकि प्रस्ताव के विरोध में 9 सदस्यों ने मतदान किया। इस प्रकार अविश्वास प्रस्ताव एक मत के अंतर से आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर सका और स्वतः निरस्त हो गया।
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पंचायत परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।
अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद सरपंच श्रीमती दिव्या राजा वर्मा ने अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। वहीं, पंचायत में अब उनके नेतृत्व में विकास कार्यों के आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
