प्रतापपुर में डायल-112 टीम पर हमला करने वाले आठ आरोपितों का पुलिस ने निकाला जुलूस : आरक्षक और चालक पर हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपितों को नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल घुमाकर दिया कानून का संदेश

Chhattisgarh Police _ CGP

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर नगर में डायल-112 टीम पर हमला करने के मामले में गिरफ्तार आठ आरोपितों का मंगलवार को पुलिस ने सार्वजनिक जुलूस निकाला। सुबह करीब 11 बजे प्रतापपुर पुलिस ने सभी आरोपितों को घटनास्थल सहित नगर के प्रमुख मार्गों से पैदल घुमाया और आम लोगों के बीच कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 में पदस्थ आरक्षक निशांत टोप्पो और चालक विजय कुमार पर हमला किए जाने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों का जुलूस निकालकर यह स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जुलूस के दौरान पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई थी। आरोपितों को उस स्थान पर भी ले जाया गया जहां डायल-112 टीम पर हमला हुआ था। इसके बाद उन्हें नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से पैदल घुमाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कानून का सम्मान करने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों में भय पैदा करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच आगे भी जारी है।