नवापारा-राजिम में 17 अगस्त को होगा सहस्त्रधारा जलाभिषेक, 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा

Radha Krishna Mandir Rajim Chhattisgarh

नवापारा-राजिम, 16 अगस्त। श्री राधा कृष्ण मंदिर में सोमवार, 17 अगस्त को महानदी त्रिवेणी संगम तट से मंदिर परिसर तक सहस्त्रधारा जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार यह धार्मिक आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन के तहत प्रत्येक सोमवार को सुबह 8 बजे से 10.30 बजे तक पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जाता है। पं. संतोष मिश्रा एवं देवेंद्र दुबे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालु मानव श्रृंखला बनाकर महानदी के त्रिवेणी संगम तट से जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे और शिवलिंग का सहस्त्रधारा जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान महिलाएं सिर पर कलश रखकर संगम तट से मंदिर तक जल लेकर आएंगी।

मंदिर समिति ने बताया कि स्व. रेखराज चतुर्भुज अग्रवाल परिवार द्वारा निर्मित श्री राधा कृष्ण मंदिर का निर्माण कार्य माघ सुदी 13, संवत् 1980 को प्रारंभ हुआ था और मार्गशीर्ष वदी 10, संवत् 1982 में पूर्ण हुआ। मंदिर में भगवान श्री राधा कृष्ण के साथ शिव प्रतिमा की भी स्थापना की गई है।

मंदिर के सर्वराकार मोहन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, शरद शुक्ला एवं टी. एन. रमेश ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों से सहस्त्रधारा जलाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने का आग्रह किया है।