गरियाबंद : नवा बिहान योजना के तहत भृत्य संविदा पद की पात्र-अपात्र सूची जारी, 22 अगस्त तक दावा-आपत्ति

The Rajpatra

गरियाबंद, 14 अगस्त 2026: घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संचालित नवा बिहान योजना के अंतर्गत भृत्य के एक अनारक्षित संविदा पद पर भर्ती के लिए पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की प्रावधिक सूची जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी सूची में अपनी स्थिति देखकर निर्धारित अवधि में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

जिला स्तर पर जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार भृत्य के एक अनारक्षित संविदा पद के लिए 18 जून से 30 जून 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में कुल 450 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों की जांच और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की प्रावधिक सूची तैयार की गई है।

प्रावधिक सूची को गरियाबंद जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। इसके अलावा अभ्यर्थी कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला गरियाबंद के सूचना पटल पर भी सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

जिन अभ्यर्थियों को पात्रता अथवा अपात्रता सूची के संबंध में कोई आपत्ति है, वे 13 अगस्त से 22 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक जिले की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित गूगल लिंक फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त होने वाली दावा-आपत्तियों पर जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी आपत्ति ऑनलाइन प्रस्तुत करनी होगी।