पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, कांकेर जिले के विद्यार्थियों के लिए समय-सीमा निर्धारित

Government of Chhattisgarh _ The Rajpatra

उत्तर बस्तर कांकेर, 14 अगस्त 2026। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए उत्तर बस्तर कांकेर जिले में संचालित शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र विद्यार्थियों के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के पंजीयन, आवेदन की स्वीकृति एवं छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। विद्यार्थी इसके लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विभाग ने शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन प्रस्तुत करने की समय-सीमा निर्धारित की है। नवीनीकरण आवेदन के लिए 30 सितंबर, 30 नवंबर और दिसंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, नवीन आवेदन के लिए 30 अगस्त, 30 सितंबर, 30 अक्टूबर और 30 दिसंबर 2026 तक निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन एवं संबंधित प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

विभाग ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। छात्रवृत्ति की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं निर्धारित तिथियों की विस्तृत जानकारी संबंधित शिक्षण संस्था के प्रमुख के सूचना पटल तथा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है।