महिला अधिकारों की जागरूकता और सशक्तिकरण के लिए छत्तीसगढ़ में प्रशिक्षण कार्यक्रम की पहल

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग Mamta Sahu

रायपुर। महिला अधिकारों के संरक्षण, महिलाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी और उपयोगी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। डॉ. ममता साहू ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रस्तावित प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनों, संरक्षण से जुड़े प्रावधानों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में आयोजित किए जाने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जमीनी स्तर पर महिलाओं में जागरूकता को और मजबूत किया जा सके।

डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी देना सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी और महिलाओं तक अधिकारों तथा सुरक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी पहुंचाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से महिला अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से प्रस्तावित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।