शीर्षक:₹400 करोड़ के लोनी अर्बन चिटफंड घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, 23 संपत्तियां कुर्क

Central Bureau of Investigation - CBI

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी चिटफंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की 23 संपत्तियां कुर्क की हैं। ये संपत्तियां उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मुंबई में स्थित हैं। जांच एजेंसी के अनुसार अब तक इस मामले में लगभग ₹25 करोड़ मूल्य की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

सीबीआई ने बताया कि जांच के दौरान उन संपत्तियों की पहचान की गई, जिन्हें आरोपियों ने कथित तौर पर चिटफंड घोटाले से अर्जित धन से खरीदा था। एजेंसी इन संपत्तियों को जब्त कर निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनियमित जमा योजनाएं प्रतिबंध अधिनियम तथा उत्तर प्रदेश औद्योगिक विवाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 1.6 लाख से अधिक जमाकर्ताओं को निवेश का लालच देकर उनसे ₹400 करोड़ से अधिक की राशि एकत्र की और उसका कथित रूप से गबन कर लिया। इस मामले में सीबीआई अब तक सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच जारी है और अन्य संपत्तियों का भी पता लगाया जा रहा है।