पत्थलगांव जशपुर जिले के तमता क्षेत्र अंतर्गत बालाझार में खड़ी गाड़ी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित रौशन चौहान ने आरोप लगाया है कि प्रतापगढ़ निवासी कपिल गुप्ता और उसके साथियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे रौशन चौहान ने बताया कि बालाझार क्षेत्र में खड़ी गाड़ी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। रौशन का आरोप है कि कपिल गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले में उसे चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
