शीर्षक: समय पर न्याय से बढ़ता है निवेशकों का भरोसा, आर्थिक विकास की मजबूत नींव है न्याय व्यवस्था: CJI सूर्यकांत

CJI Surya Kant

भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा है कि समय पर न्याय देने वाली न्याय व्यवस्था किसी देश में वैश्विक भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ कारोबार और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती है। नई दिल्ली में आयोजित 11वें BRICS Legal Forum को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत संस्थाएं, विशेष रूप से न्याय वितरण प्रणाली, आर्थिक विकास की आधारशिला हैं।

CJI सूर्यकांत ने कहा कि कानून का शासन वह आधार है जिस पर सभ्यताएं अपने भविष्य और आकांक्षाओं का निर्माण करती हैं। उनके अनुसार, न्यायालयों द्वारा मामलों का समयबद्ध और विश्वसनीय निपटारा किसी देश की वैश्विक निवेश समुदाय के बीच विश्वसनीयता को सीधे प्रभावित करता है।

उन्होंने न्यायिक दक्षता, अनुबंधों के समयबद्ध प्रवर्तन और कानून के शासन को आर्थिक विकास तथा अंतरराष्ट्रीय निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। CJI ने कहा कि न्याय व्यवस्था में भरोसा, पूर्वानुमेयता और स्थिरता निवेशकों के निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुख्य न्यायाधीश ने यह भी उल्लेख किया कि भारत ने विश्व बैंक की Ease of Doing Business रैंकिंग में निचली श्रेणी से निकलकर शीर्ष 100 देशों में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक प्रगति के साथ न्यायिक व्यवस्था की गति और विश्वसनीयता भी देश की वैश्विक साख को मजबूत करती है।

BRICS देशों के बीच न्यायिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए CJI सूर्यकांत ने BRICS Judicial Fellowship शुरू करने और सदस्य देशों के न्यायिक निर्णयों एवं विधिक सिद्धांतों के लिए साझा Jurisprudence Repository बनाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें विभिन्न देशों की न्यायपालिकाओं के बीच ज्ञान, अनुभव और न्यायिक सहयोग को बढ़ावा दे सकती हैं।