नक्सल उन्मूलन अभियान में योगदान के लिए कोण्डागांव पुलिस को मिला अमित शाह का अभिनंदन पत्र

Kondagaon Police

कोण्डागांव, 8 अगस्त 2026। देश में नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए किए जा रहे अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली कोण्डागांव पुलिस को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की ओर से अभिनंदन पत्र प्राप्त हुआ है। यह सम्मान बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान पुलिस जवानों के साहस, समर्पण और निरंतर प्रयासों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में 6 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जवानों को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न थाना प्रभारियों ने प्रतीक स्वरूप अभिनंदन पत्र प्राप्त किए और उन्हें अपने-अपने थानों में सम्मानपूर्वक रखा।

पुलिस विभाग के अनुसार, यह अभिनंदन पत्र बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान में तैनात प्रत्येक जवान के योगदान और महत्वपूर्ण भूमिका का प्रमाण है। विषम भौगोलिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अभियान में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पुलिस बल के लिए गौरव के साथ-साथ प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हमेशा इस बात की याद दिलाएगा कि देश सेवा सर्वोपरि है।

पुलिस अधीक्षक ने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ जिले को नक्सल मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों के योगदान की सराहना की।