राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बलरामपुर जिले में तीन दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला अस्पताल से किया गया। अभियान की शुरुआत कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनुज टोप्पो सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक अवश्य दिलाई जाए, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी के खतरे से सुरक्षित रह सके। उन्होंने अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए समय पर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने की अपील की।
अभियान के पहले दिन जिले के 693 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान के सफल संचालन के लिए 1386 स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी दलों की तैनाती की गई है। राजपुर विकासखंड के ग्राम परसागुड़ी में अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान में भाग लिया। वहीं वाड्रफनगर और रघुनाथनगर क्षेत्रों में भी प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में अभियान संचालित किया गया। बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए, जहां बच्चों को दवा पिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त राष्ट्र का दर्जा मिल चुका है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों में पोलियो वायरस की मौजूदगी को देखते हुए लगातार सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत जिले के जन्म से पांच वर्ष तक आयु वर्ग के 1 लाख 7 हजार 731 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा विभिन्न सहयोगी विभाग संयुक्त रूप से भागीदारी निभा रहे हैं।
