बेंगलुरु और मुंबई में निर्यात कंपनी पर ईडी की छापेमारी, शेयर और सोने के लेनदेन में गड़बड़ी के संकेत

Directorate of Enforcement - ED

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बेंगलुरु और मुंबई में एक निर्यात आधारित कंपनी से जुड़े नौ ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच में कंपनी के शेयरों की बेनामी संस्थाओं के माध्यम से खरीद-फरोख्त कर 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि विदेश भेजे जाने का संदेह जताया गया है।

ईडी को सोने के स्टॉक रिकॉर्ड में भी बड़ी विसंगतियां मिली हैं। तलाशी के दौरान भौतिक सत्यापन में कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा की तुलना में लगभग 40 प्रतिशत कम सोना पाया गया। इसके अलावा करीब 3,000 करोड़ रुपये के व्यापारिक देयों को संदिग्ध सोना आयात के साथ समायोजित किए जाने की भी जांच की जा रही है।

एजेंसी अफ्रीका में सोना खनन परियोजनाओं में किए गए 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और संयुक्त अरब अमीरात स्थित कई विदेशी संस्थाओं के साथ हुए लगभग 3,000 करोड़ रुपये के वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है। ईडी के अनुसार मामले की जांच जारी है और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है।