भिलाई इस्पात संयंत्र का अतिक्रमण विरोधी अभियान, सेक्टर-6 मार्केट क्षेत्र से हटाए गए अवैध कब्जे और ठेले

Steel Authority of India Limited - SAIL

भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रवर्तन विभाग ने टाउनशिप क्षेत्र में अनाधिकृत कब्जों और सड़क अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान सेक्टर-6 मार्केट चौक और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क किनारे सामग्री फैलाकर व्यवसाय संचालित करने वाले लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस कार्रवाई में छह अस्थायी शेड भी हटाए गए। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को सार्वजनिक मार्गों पर सामग्री फैलाने और यातायात में बाधा उत्पन्न करने पर भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

प्रवर्तन विभाग ने स्ट्रीट एवेन्यू ‘सी’ स्थित अनफिट ब्लॉक में अवैध कब्जे के कारण संकरे हो रहे मार्ग का भी संज्ञान लिया। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर नगर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से परिसर की अवैध विद्युत आपूर्ति काट दी गई। कब्जाधारियों को शीघ्र परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्य के लिए संबंधित टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अभियान के तहत सेंट्रल एवेन्यू से सेक्टर-6 मार्केट जाने वाले मार्ग और चौक क्षेत्र में सार्वजनिक सड़कों पर खड़े किए गए ठेलों को भी हटवाया गया। प्रवर्तन विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति मिलने पर संपदा न्यायालय के माध्यम से ठेलों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

बीएसपी प्रबंधन के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) रेमी थॉमस ने किया। अभियान में उप प्रबंधक मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक अजय मिश्रा सहित प्रवर्तन एवं सुरक्षा विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही। विभाग ने कहा है कि टाउनशिप के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।