सूरजपुर जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पतरापारा रोड स्थित लवलीहुड कॉलेज के पास 4 से 5 युवकों ने ग्राम पीढ़ा निवासी बरन राम पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बरन राम की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरन राम किसी कार्य से सूरजपुर न्यायालय आए हुए थे। न्यायालय से लौटते समय लवलीहुड कॉलेज के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने लगातार चाकू से वार किए, जिससे बरन राम को संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस दिनदहाड़े हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
