बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोहारडीह में गुरुवार को बिजली टावर पर एक लाइन अटेंडेंट का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही गुरूर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मृतक की पहचान भिलाई-3 निवासी 40 वर्षीय देवेंद्र साहू के रूप में की।
जानकारी के अनुसार देवेंद्र साहू विद्युत विभाग से जुड़े कार्यों में लाइन अटेंडेंट के रूप में काम करते थे। उनका परिवार भिलाई-3 से आकर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। बिजली टावर पर शव मिलने की खबर के बाद परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।
फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। गुरूर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
