कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान रायपुर में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया। रविवार दोपहर रायपुर एयरपोर्ट से अभनपुर के लिए रवाना हुए राहुल गांधी के काफिले के बीच अचानक कुछ लोग घुस गए और उनकी गाड़ी तक पहुंचकर उसे चारों ओर से घेर लिया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
राहुल गांधी एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। इसके बाद वे अभनपुर में आयोजित संगठन सृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उनका काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा।
इसी दौरान काफिले के गुजरने के समय कुछ उत्साहित समर्थक सुरक्षा घेरे को पार कर सीधे राहुल गांधी की गाड़ी के नजदीक पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोग चलते काफिले के बीच दौड़ते हुए पहुंचे और वाहन को चारों ओर से घेर लिया। कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए लोगों को पीछे हटाया और काफिले को सुरक्षित आगे बढ़ाया।
घटना ने राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के कारण राहुल गांधी को उच्च श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में समर्थकों का सुरक्षा घेरा तोड़कर उनकी गाड़ी तक पहुंच जाना सुरक्षा प्रबंधन में चूक माना जा रहा है।
हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति या सुरक्षा संबंधी नुकसान की सूचना नहीं है। कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद राहुल गांधी निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल हुए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समर्थकों की भीड़ को काफिले के आसपास देखा जा सकता है।
