गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो द्वारा सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिए जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 10 बीवाई 7993 का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने सामने चल रहे ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारण क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।
