NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा: NTA ने 21 जून की री-एग्जाम के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी की

NEET UG

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। NTA द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होगी। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों तथा विदेशों के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी।

एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप प्रवेश पत्र (Admit Card) नहीं है। इसका उद्देश्य केवल अभ्यर्थियों को उस शहर की जानकारी देना है, जहां उनका परीक्षा केंद्र स्थित होगा। NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा और प्रवेश पत्र से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइटों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा इस वर्ष 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा की जा रही है। इसी के चलते प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी।