छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को और अधिक पारदर्शी तथा नागरिकों के लिए सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी करते हुए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सेवा-सेतु पोर्टल (ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल) के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अब अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित तथा निःशक्तजन श्रेणी सहित नए राशन कार्ड जारी कराने, राशन कार्ड में नए सदस्य जोड़ने तथा सदस्य विलोपन जैसी सेवाओं के लिए नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह सुविधा लोक सेवा केंद्रों के साथ-साथ स्थानीय निकायों और आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध कराई गई है।
सरकार ने सभी नगरीय निकायों और विकासखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदन करने पर निर्धारित 30 रुपये का शुल्क लिया जाएगा, जबकि आवेदक स्वयं भी पोर्टल पर जाकर आवेदन भर सकते हैं और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। आवेदन जमा होने के बाद एक आवेदन रसीद क्रमांक स्वतः जनरेट होगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद अधिकृत सत्यापन अधिकारी द्वारा दस्तावेजों और पात्रता का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद स्वीकृतकर्ता अधिकारी नियमानुसार जांच कर पात्र पाए जाने वाले आवेदकों को नया राशन कार्ड जारी करने की स्वीकृति देंगे। राशन कार्ड डिजिटल हस्ताक्षर के साथ पीडीएफ प्रारूप में तैयार किया जाएगा, जिसे संबंधित कार्यालय, लोक सेवा केंद्र अथवा स्वयं आवेदक पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे।
राज्य सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि राशन कार्ड प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया उचित मूल्य की दुकानों पर ई-पॉस मशीन अथवा फेस ई-केवाईसी के माध्यम से पूरी कराई जाए। साथ ही ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, उचित मूल्य दुकानों तथा विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए इस नई ऑनलाइन व्यवस्था की व्यापक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इस पहल से राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, आवेदकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सेवाओं की डिलीवरी अधिक तेज एवं प्रभावी हो सकेगी।
