कोरबा जिला न्यायालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर आयोजित, न्यायाधीशों और कर्मचारियों ने लिया स्वास्थ्य का संकल्प

District Court Korba Chhattisgarh

प्रधान जिला न्यायाधीश एवं सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के मार्गदर्शन में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायालय कोरबा परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही तालुका स्तर पर कटघोरा, पाली और करतला में भी योग शिविर आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय कोरबा के सभी न्यायाधीश, जिला अभिभाषक संघ के सदस्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग की आवश्यकता पर जानकारी दी।

योग प्रशिक्षक विरेंद्र प्रजापति ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग के विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सकारात्मक परिवर्तन आता है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास भी कराया।

कार्यक्रम के अंत में न्यायाधीशों ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी से नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है तथा इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकता है।