नया रायपुर स्थित महानदी भवन में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय छत्तीसगढ़ की केंद्रीय न्यासी बोर्ड की ‘क्षेत्रीय समिति’ की 27वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता ने की, जबकि क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I एवं सचिव (क्षेत्रीय समिति) श्री जयवदन इंगले ने बैठक का संचालन किया। यह समिति राज्य में भविष्य निधि कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और श्रमिक हितों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण परामर्शदात्री निकाय के रूप में कार्य करती है।
बैठक में छत्तीसगढ़ में ईपीएफओ की कार्यप्रणाली, भविष्य निधि अंशदाताओं और सदस्यों को प्रदान किए जा रहे सामाजिक सुरक्षा लाभों तथा भविष्य निधि अधिनियम के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II श्री गौरव डोगरा ने एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से संगठन की उपलब्धियों, वर्तमान कार्यों और भविष्य की रणनीतियों की जानकारी दी।
श्रम सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता ने औद्योगिक इकाइयों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ईपीएफओ के निष्क्रिय खातों (इनऑपरेटिव अकाउंट्स) के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान कर शीघ्र भुगतान करने पर भी विशेष बल दिया।
उन्होंने राज्य के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला कलेक्टरों, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त (ALC), केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) तथा संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I श्री जयवदन इंगले ने बैठक में भविष्य निधि कवरेज के विस्तार, न्यायालयीन मामलों के त्वरित निपटान तथा केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने कर्मचारी पंजीकरण योजना-2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठकों और नवीन साइट्स प्रोजेक्ट जैसी प्रमुख पहलों पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने नियोक्ता एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भविष्य निधि सदस्यों और नियोक्ताओं को इन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में हुए विचार-विमर्श से राज्य के अधिकाधिक श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा लाभ पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में उप केंद्रीय श्रम आयुक्त श्री बिधान चंद्र नायक, ईएसआईसी के उप निदेशक श्री एन.के. पटनायक एवं श्री रत्नेश राजन्या सहित विभिन्न उद्योग संगठनों और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के वरिष्ठ अधिकारियों की भी बैठक में उपस्थिति रही।
