रायपुर में एनएसओ का चार दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 81वें राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण की तैयारियों को मिलेगी मजबूती

NSO Launches Four-Day Regional Training Camp in Raipur for 81st National Sample Survey

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के क्षेत्र संचालन प्रभाग ने रायपुर में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए चार दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया है। 9 से 12 जून 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के आगामी 81वें दौर के मैदानी कार्यों को प्रभावी, सटीक और उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित करना है।

न्यू राजेंद्र नगर स्थित भक्त माता कर्मा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन उपनिदेशक एवं कार्यालय प्रमुख सुश्री सचिता राकेश अग्रवाल तथा अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय रायपुर के अपर निदेशक श्री एन. बुलीवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सहायक निदेशक श्री प्रखर गुप्ता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला।

एनएसएस के 81वें दौर के अंतर्गत प्रवासन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) तथा कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस) जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को सर्वेक्षण की रूपरेखा, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, प्रश्नावली के उपयोग और मैदानी कार्यों में अपनाई जाने वाली मानक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सुश्री सचिता राकेश अग्रवाल ने कहा कि इन राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों तथा विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सर्वेक्षण दलों को सही और पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर प्रभावी विकास योजनाएं तैयार की जा सकें।

अपर निदेशक श्री एन. बुलीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सर्वेक्षण देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का वास्तविक चित्र प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों से डेटा की गुणवत्ता तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय रायपुर के उपनिदेशक श्री दिनेश तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रशिक्षण शिविर में एनएसओ के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के साथ-साथ दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के मैदानी अधिकारी एवं सांख्यिकीय कर्मचारी भाग ले रहे हैं। शिविर के संचालन और समन्वय में सहायक निदेशक श्री ऋषभ सिंह श्याम (बिलासपुर) और श्री अभिषेक शुक्ला (दुर्ग) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उद्घाटन सत्र का समापन श्री अभिषेक शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।