छत्तीसगढ़ के सरकारी पेंशनरों को जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का लाभ अब तक नहीं मिलने के विरोध में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने आज प्रदेशभर में आंदोलन का आह्वान किया है। महासंघ के आह्वान पर सभी जिलों में पेंशनर कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर महंगाई राहत का आदेश एरियर सहित तत्काल जारी करने की मांग करेंगे।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि केंद्र सरकार अपने पेंशनरों को जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ पहले ही प्रदान कर चुकी है, लेकिन छत्तीसगढ़ शासन ने अब तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया है। इससे राज्य के लाखों पेंशनरों में असंतोष और निराशा का माहौल है।
उन्होंने बताया कि महंगाई राहत के संबंध में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवश्यक सहमति की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है। ऐसे में जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ एरियर सहित जारी करने में अब कोई प्रशासनिक बाधा नहीं है। महासंघ का कहना है कि आदेश जारी करने में हो रही देरी से पेंशनरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने राज्य के सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे 5 अगस्त को आयोजित ज्ञापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी मांग को मजबूती से सरकार के समक्ष रखें। महासंघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार पेंशनरों की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर महंगाई राहत का लाभ एरियर सहित प्रदान करेगी।
