बेमेतरा को 2 करोड़ के गौरव पथ और तिवरिया में नए विद्युत सब-स्टेशन की सौगात, 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

Bemetara Gets ₹2 Crore Glory Road, New Power Substation Announced

बेमेतरा, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह में मुख्यमंत्री और अतिथियों ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं 42 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रबुद्ध नागरिकों एवं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा प्रकाशित ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ जनपद पंचायतों को जिले को क्रिटिकल से सेमी-क्रिटिकल जोन में लाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने की दो बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नया विद्युत सब-स्टेशन बनाने की घोषणा की।

‘शिक्षा के बिना जीवन अधूरा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति के लिए शिक्षा आवश्यक है। शिक्षक राष्ट्र के निर्माता होते हैं और उनके द्वारा तैयार नागरिक ही समाज एवं देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का मूल मंत्र है और शिक्षित व्यक्ति ही समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं स्थापित की गई हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए नालंदा परिसर में निःशुल्क अध्ययन सामग्री, लाइब्रेरी और कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नई दिल्ली के यूथ हॉस्टल में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए 2 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि, शिक्षा ऋण और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ढाई वर्षों में ‘मोदी की गारंटी’ के वादों को पूरा करने की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना तथा सुशासन के लिए अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों की जानकारी दी।

17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल और जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को प्रत्येक नागरिक से अपने घर में एक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त करने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोच्च रहा है। शिक्षक अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षक बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दें। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए सम्मानित शिक्षकों को बधाई दी।

कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर सहित शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।