बेमेतरा को 183.36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मानित

Bemetara Gets ₹183 Crore Development Works, 123 Honoured

बेमेतरा, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को बेमेतरा के स्कूल ग्राउंड में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले को 183.36 करोड़ रुपये के 30 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 22 कार्यों का भूमिपूजन 153.55 करोड़ रुपये की लागत से तथा 8 कार्यों का लोकार्पण 29.80 करोड़ रुपये की लागत से किया।

इन विकास कार्यों में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, पुलिस अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के 5 कार्यों के लिए 131.82 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के 7 कार्यों के लिए 14.17 करोड़ रुपये, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबंधित एक कार्य के लिए 2.76 करोड़ रुपये तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एक कार्य के लिए 2.54 करोड़ रुपये का भूमिपूजन किया गया।

इसी तरह जनपद पंचायत बेरला के अंतर्गत 5 कार्यों के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया। जनपद पंचायत बेमेतरा के 5 कार्यों में 3 कार्यों का भूमिपूजन 82.88 लाख रुपये और 2 कार्यों का लोकार्पण 48.40 लाख रुपये की लागत से किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 2 कार्यों का 2.31 करोड़ रुपये तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के एक कार्य का 25 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से बेमेतरा जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और पुलिस अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का लाभ जिले के लोगों को मिलेगा।

81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 विद्यार्थी सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं अन्य अतिथियों ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया। वहीं बेमेतरा के दानदाताओं के सहयोग से 42 प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया।

बेमेतरा में शिक्षक सम्मान समारोह की गौरवशाली परंपरा करीब चार दशक पुरानी है। वर्ष 1986 में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय श्री रेवेन्द्र सिंह वर्मा ने नागरिकों और अधिकारियों के सहयोग से इस समारोह की शुरुआत की थी। इसके बाद से यह आयोजन लगातार 40 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है।

समारोह के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है। साथ ही जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।