जशपुर जिला न्यायालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर जशपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता श्री आर.पी. पाण्डेय एवं अधिवक्ता श्री जी.पी. रवानी ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सत्येंद्र कुमार साहू ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है। योग जीवन में संतुलन स्थापित करने के साथ-साथ कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ हुआ।

कार्यक्रम में श्री जनार्दन खरे, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.) जशपुर, श्रीमती सरोजनी जनार्दन खरे, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जशपुर सहित न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।