जिला न्यायालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश : न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं बंदियों ने किया योगाभ्यास, योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

The Rajpatra

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं तथा न्यायिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के समन्वय का प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने के साथ जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार करता है।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक एवं अधिवक्ता नरेश कुमार तिवारी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व तथा इसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

योग दिवस के अवसर पर जिला जेल बेमेतरा में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बंदियों को योग के लाभों और उसके महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इसी क्रम में तालुका विधिक सेवा समिति, साजा में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में योग दिवस मनाया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को योग के लाभ, महत्व और नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रेरित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।