जगदलपुर में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को भगाने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर करता रहा शोषण

बस्तर जिले के जगदलपुर अंतर्गत नानगुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने झांसे में लेकर घर से भगाने और उसके साथ यौन शोषण करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नाबालिग किशोरी से दोस्ती की थी। इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले की जानकारी मिलते ही नानगुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग के साथ यौन शोषण किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों को सोशल मीडिया के माध्यम से बहलाने-फुसलाने वाले मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।