अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के बदले कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में बेमेतरा कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 विनय कुमार कुर्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघनपुरी निवासी दिलेश बंजारे ने 11 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में उनसे अनुचित रूप से राशि की मांग कर वसूली की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर ने जांच समिति गठित कर शिकायत की जांच कराई। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-02 विनय कुमार कुर्रे को निलंबित कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
