छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत 1 जून से 30 जून 2026 तक राज्यभर में ‘स्वनिधि महोत्सव’, लोक कल्याण मेला तथा स्वनिधि शिविरों के आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। इस अभियान का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों, शहरी गरीबों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को भेजे गए निर्देशों में कहा गया है कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के मार्गदर्शन में पूरे देश में एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक नगरीय निकाय में लोक कल्याण मेले तथा जिला मुख्यालय स्थित नगरीय निकायों में स्वनिधि महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। जनगणना नगरों में विशेष स्वनिधि शिविर भी लगाए जाएंगे।
अभियान के दौरान ऐसे लाभार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिनके ऋण स्वीकृत हो चुके हैं लेकिन राशि का वितरण नहीं हुआ है। इसके अलावा नए ऋण आवेदनों का त्वरित निपटारा, डिजिटल रूप से निष्क्रिय लाभार्थियों को यूपीआई और क्यूआर कोड से जोड़ना तथा पीएम स्वनिधि मोबाइल ऐप की स्थापना सुनिश्चित की जाएगी। बैंकों और डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स के सहयोग से साइबर सुरक्षा और डिजिटल भुगतान संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सरकार ने निर्देश दिया है कि स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों और उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की जाए तथा उन्हें प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत और अन्य केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के सहयोग से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, पोस्टर, मोबाइल प्रचार वाहन, सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया का उपयोग किया जाएगा। सोशल मीडिया पर #PMSVANidhi और #LokKalyanMela हैशटैग का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं। बाजार संघों, निवासी संघों और जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा।
राज्य सरकार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया है। जिन विक्रेताओं ने समय पर ऋण चुकाया है, डिजिटल लेनदेन को अपनाया है या अपने व्यवसाय का विस्तार किया है, उन्हें जिला स्तरीय स्वनिधि महोत्सव में सम्मानित किया जाएगा। महिला और दिव्यांग स्ट्रीट वेंडर्स को विशेष पहचान और पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही विक्रेताओं के बच्चों की शैक्षणिक, खेल और कला संबंधी उपलब्धियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
दस्तावेज के अनुसार कोरिया, कोरबा, रायपुर, सूरजपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिलों के विभिन्न जनगणना नगरों में स्वनिधि शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स तक योजना के लाभ पहुंचाना, लंबित मामलों का समाधान करना और उन्हें डिजिटल तथा सामाजिक रूप से अधिक सशक्त बनाना है।
