छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ की प्रगति की प्रभावी निगरानी के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विभाग की ओर से मिथलेश अवस्थी, संयुक्त संचालक, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, नवा रायपुर अटल नगर को मॉनिटरिंग पोर्टल में KPI (Key Performance Indicators) एंट्री से संबंधित कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 2 जून 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि अंजोर विजन 2047 के तहत निर्धारित लक्ष्यों और विकास कार्यों की प्रगति को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा उनकी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह नियुक्ति की गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि KPI आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था से विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। इससे शासन को समयबद्ध निर्णय लेने और विकास कार्यों के परिणामों की समीक्षा करने में भी सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 राज्य के दीर्घकालिक विकास रोडमैप से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसके तहत विभिन्न विभागों के प्रदर्शन और उपलब्धियों की नियमित निगरानी की जा रही है। इस दिशा में नोडल अधिकारी की नियुक्ति को प्रशासनिक समन्वय और डेटा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
