राज्यपाल श्री रमेन डेका की पहल पर लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय मेडिटेशन शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को प्रार्थना आधारित ध्यान पद्धति की जानकारी दी और उन्हें ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
शिविर में लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने ध्यान के विभिन्न आयामों को समझते हुए नियमित अभ्यास के महत्व को जाना। प्रशिक्षकों ने बताया कि ध्यान मानसिक शांति, एकाग्रता और तनाव प्रबंधन का प्रभावी साधन है। इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति बेहतर कार्यक्षमता, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन प्राप्त कर सकता है।
तीन दिनों तक चले इस शिविर में प्रतिभागियों ने ध्यान की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया तथा इसके सकारात्मक प्रभावों का अनुभव किया। समापन अवसर पर नियमित मेडिटेशन को जीवनशैली में शामिल करने का संदेश दिया गया।
