जशपुर में 11 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अत्याधुनिक नालंदा परिसर, युवाओं को मिलेंगी 24×7 डिजिटल अध्ययन सुविधाएं

Jashpur Nalanda Parisar

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जशपुर जिले में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परिसर जिले के युवाओं के लिए अध्ययन, शोध और ज्ञानार्जन का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है, जहां उन्हें उच्च स्तरीय शैक्षणिक संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।

जिले के प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने 8 जून 2026 को जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 14 स्थित पुराने विस्तार डिपो परिसर के समीप निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि जशपुर जिला मुख्यालय में लगभग दो एकड़ क्षेत्र में 11 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीट क्षमता वाला अत्याधुनिक नालंदा परिसर विकसित किया जा रहा है। यह परिसर विद्यार्थियों को शांत, सुरक्षित और तकनीक-संपन्न अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा।

नालंदा परिसर में 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक अध्ययन कक्ष, कैंटीन और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच मिलेगी।

शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में यह परियोजना जशपुर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इसके माध्यम से युवाओं को अपने करियर लक्ष्यों को हासिल करने के लिए बेहतर अवसर और आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।