अभनपुर में रायपुर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान, अधिवक्ताओं के हित में सहयोग का आश्वासन

Raipur Bar Association Officials Honored by Abhanpur Advocates

तहसील अधिवक्ता संघ अभनपुर के तत्वावधान में रायपुर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया और न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की भूमिका तथा उनके हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दिनेश देवांगन और सचिव राकेश पुरी ने कहा कि समाज में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। न्यायालय में अधिवक्ता पक्षकारों का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अभनपुर क्षेत्र के अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए रायपुर अधिवक्ता संघ हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। साथ ही अभनपुर में अधिवक्ताओं के लिए पुस्तकालय (लाइब्रेरी) स्थापित करने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि अभनपुर में स्थानीय व्यवस्थाओं के संचालन हेतु तदर्थ तहसील अधिवक्ता संघ का गठन किया गया है, लेकिन यहां के अधिवक्ताओं की पहचान रायपुर अधिवक्ता संघ से ही जुड़ी हुई है। उन्होंने अभनपुर के अधिवक्ताओं से रायपुर अधिवक्ता संघ की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को रायपुर अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष हितेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन अभनपुर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर रायपुर अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारती राठौर, उपाध्यक्ष सूर्यकांत पाटस्कर, कोषाध्यक्ष रानी लक्ष्मी साहू, सह सचिव गुणेश निर्मलकर, सह सचिव नेहा राठौर, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव युगेश्वर साहू, ग्रंथालय सचिव महेन्द्र देवांगन, कार्यकारिणी सदस्य योगीराज वर्मा, अभिजीत त्रिपाठी, आकाश जसूजा, आकाश सोनी, विवेक मिश्रा, योगिता धुरंधर और अमृता दीक्षित सहित आरंग एवं अभनपुर अधिवक्ता संघ के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।