17वीं पेंशन अदालत कल नई दिल्ली में, 897 लंबित शिकायतों का होगा निपटारा

Pension Adalat

नई दिल्ली में 17वीं पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह करेंगे। मंत्रालय के अनुसार, इस पेंशन अदालत में सुपर-सिनियर पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स से संबंधित लंबे समय से लंबित 897 शिकायतों को निपटारे के लिए लिया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह 13 मई को आयोजित 16वीं पेंशन अदालत की उपलब्धियों और सफल मामलों को दर्शाने वाले फ्लायर्स जारी करेंगे। साथ ही, पारिवारिक पेंशनर्स से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों और उनके समाधान पर आधारित Frequently Asked Questions (FAQ) पुस्तिका भी जारी की जाएगी।

मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2017 में पेंशन अदालत की शुरुआत के बाद अब तक आयोजित 16 संस्करणों में कुल 28,797 शिकायतों में से 20,676 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा चुका है। इस प्रकार पेंशन अदालतों की सफलता दर 71.79 प्रतिशत रही है।