डॉ. ममता साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में संभाला पदभार, महिलाओं के अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प

Dr. Mamta Sahu - Chhattisgarh Women Commission

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नियुक्त डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। शास्त्री चौक स्थित आयोग के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. ममता साहू ने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा सभी से पारदर्शिता, जवाबदेही और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने आयोग के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाने, उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने तथा उनके सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आयोग महिलाओं के हितों से जुड़े प्रत्येक मामले में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव, दुर्गेश राव, श्रीमती रजनी शेंगडे, जितेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, श्रीमती सीमा डहरिया, गीतेश साहू सहित आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।