मोल्दोवा से रेड नोटिस भगोड़े अमृतपाल सिंह को भारत लाया गया

Central Bureau of Investigation - CBI

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रेड नोटिस जारी भगोड़े आरोपी अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई CBI ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और पंजाब पुलिस के समन्वय से की।

CBI के अनुसार, अमृतपाल सिंह पंजाब में दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ आग्नेयास्त्रों के इस्तेमाल से जुड़े दोहरे हत्याकांड, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और पासपोर्ट एक्ट के उल्लंघन के भी आरोप हैं।

भगोड़े को भारत वापस लाने के लिए पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम मोल्दोवा भेजी गई थी। CBI ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उसकी मदद से 175 वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है।

CBI भारत में INTERPOL के लिए नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में कार्य करती है और BHARATPOL के माध्यम से देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर INTERPOL चैनलों के जरिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग सुनिश्चित करती है।