कलेक्टर के निर्देश पर जिले में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर और आजीवन दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। विशेष रूप से दूरस्थ, संवेदनशील और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए मोबाइल टीमों का भी गठन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के पहले दिन 28 जून को जिले के निर्धारित पल्स पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मियों, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमें घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाए।
अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्टों, हाट-बाजार, घुमंतू परिवारों और अन्य विशेष क्षेत्रों में भी मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय-समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाना है। अभियान को सफल बनाने में आमजन का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जा सके।
