भिलाई नगर, 8 अगस्त। सरयू पारीण ब्राह्मण समाज की कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को ब्रह्म प्रकाश भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष प्रभु नाथ मिश्रा ने की, जबकि महासचिव रामलखन मिश्रा ने संचालन किया। बैठक में समाज की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अध्यक्ष प्रभु नाथ मिश्रा ने समाज की ओर से अब तक किए गए सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस गतिविधि को जारी रखने की बात कही। बैठक में समाज के भवन निर्माण एवं विस्तारीकरण की प्रगति पर भी चर्चा की गई और सदस्यों से इसमें सहयोग करने की अपील की गई।
संगठन की गतिविधियों को गति देने और विभिन्न प्रकोष्ठों को अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। वरिष्ठ सदस्य एवं पदाधिकारी नागेन्द्र पांडेय को कार्यकारी अध्यक्ष, समाजसेवी विष्णु पाठक को सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का अध्यक्ष तथा युवा नेता लोकेश पांडेय को युवा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तीनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और संगठन को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। समाज की पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 10 बजे ब्रह्म प्रकाश भवन में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 2 बजे महिला प्रकोष्ठ की ओर से हरियाली तीज उत्सव एवं गीत-संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष प्रभु नाथ मिश्रा ने समाज के सभी सदस्यों से दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित रहने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज के आगामी कार्यक्रमों और संगठन के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव दिए। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने, संगठन की गतिविधियों को व्यापक बनाने तथा सामाजिक कार्यों के दायरे का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अध्यक्ष प्रभु नाथ मिश्रा, महासचिव रामलखन मिश्रा, नागेन्द्र पांडेय, विष्णु पाठक, कोषाध्यक्ष कैलाश पाठक, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, हरिकृष्ण पांडे, दिनेश मिश्रा, रामविलास मिश्रा, दीपक मिश्रा, सुभाष चंद्र तिवारी, लोकेश पांडेय सहित समाज की कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
