बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रिपल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी राजेश राय ने जेल के भीतर ही एक अन्य कैदी नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल नीलू जगत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह जेल की एक बैरक में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ बंदी बैरक में मौजूद थे, तभी राजेश राय अचानक नीलू जगत के पास पहुंचा और उसके सिर पर सीमेंट के ढक्कन से लगातार कई वार कर दिए। हमले के बाद बैरक में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बंदियों और जेल कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने घायल कैदी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच पहले से कोई विवाद था या हमला किसी अन्य कारण से किया गया।
बताया जा रहा है कि राजेश राय पहले से ही चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में दोषी ठहराया जा चुका है और उम्रकैद की सजा काट रहा है। जेल में हुई यह हत्या उसके खिलाफ चौथे हत्या के मामले के रूप में दर्ज होगी। वहीं मृतक नीलू जगत एक अन्य मामले में जेल में निरुद्ध था।
जेल प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार आरोपी कैदी का इलाज भी चल रहा था और उसे विशेष निगरानी वाली बैरक में रखा गया था। घटना के बाद जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है। इस बीच वारदात से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
